
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नवीन मंडी समिति में सोमवार की रात करीब 11 बजे लगी भीषण आग में लगभग 14 दुकानें जलकर राख हो गईं। अग्निकांड में फल-सब्जी कारोबारियों को हुए भारी नुकसान के बाद भाजपा नेताओं ने पीड़ित व्यापारियों को राहत और मुआवजा दिलाने की पहल की है।घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी अरविंद पांडेय, मनीष अग्रहरि और योगेश सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन विभाग को बुलाने और आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग किया।

मंगलवार को डॉ. धर्मवीर तिवारी ने दोबारा मंडी समिति पहुंचकर मंडी सचिव से वार्ता की और प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को अग्निकांड की जानकारी दी। इस पर मंत्री ने जिलाधिकारी से बात कर प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार मुआवजा और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि इस कठिन समय में भारतीय जनता पार्टी और सरकार प्रभावित व्यापारियों के साथ खड़ी है। नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने के लिए मंडी सचिव से कहा गया है, ताकि पीड़ितों को अधिकतम संभव क्षतिपूर्ति दिलाई जा सके।उन्होंने कहा कि व्यस्त कारोबारी सीजन में फल-सब्जी व्यापारियों को हुई क्षति बेहद दुखद है। प्रयास है कि प्रभावित व्यापारियों को जल्द राहत मिले और वे दोबारा अपना कारोबार शुरू कर सकें।इस दौरान शिवकुमार सोनकर, भोला सोनकर, सतीश सोनकर, अनिल सोनकर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।




