
सोनभद्र। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर रविवार को जनपद सोनभद्र में अति आवश्यक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य मंडल प्रभारी प्रेम नाथ गौतम ने की, जबकि मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष रामचंद्र रत्न रहे। संचालन जिला महासचिव अमन कुमार मौर्य ने किया।जिला अध्यक्ष रामचंद्र रत्न ने पार्टी नेतृत्व के दिशा-निर्देशों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिले को तीन सेक्टरों में बांटकर सेक्टर और बूथ स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएं। जिम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रतिदिन संगठन की गतिविधियों को गति देते हुए बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच मजबूत करें।उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुटना होगा। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर पार्टी अपने जनाधार को मजबूत करने का प्रयास करेगी।बैठक में मायावती के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि अधिक वर्षा और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों को हो रही परेशानियों में बसपा कार्यकर्ता और जोन प्रभारी मंडल स्तर पर राहत एवं सहयोग पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। गरीब और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करते हुए उनके साथ खड़ा होना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव अमन कुमार मौर्य ने किया।बैठक में जिला सचिव राजकुमार संघर्षी, जिला कार्यकारिणी सदस्य अंकित पाठक, शिवशंकर राव, विधानसभा प्रभारी डॉ. ओपी मौर्य, राजकुमार उर्फ बिंदु, चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व कोषाध्यक्ष फूल मोहम्मद, पूर्व जिला संयोजक पवन प्रधान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी गतिविधियों को तेज करने का संकल्प लिया।




