
सोनभद्र। जिला गंगा समिति, सोनभद्र के तत्वावधान में गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर चोपन स्थित सोन नदी के छठ घाट पर भव्य महागंगा आरती, नौका दौड़ प्रतियोगिता एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उत्सव में नदी संरक्षण, स्वच्छता और जनसहभागिता का संदेश देने के साथ सोनभद्र की समृद्ध आदिवासी लोकसंस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जनपद में पहली बार आयोजित नौका दौड़ प्रतियोगिता रही। बजरंग घाट से छठ घाट, चोपन तक आयोजित इस प्रतियोगिता में सोन नदी की सहायक नदियों के नाम पर विभिन्न नाविक दलों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबले में गंडक नदी के नाविकों ने प्रथम, पांडु नदी के नाविकों ने द्वितीय तथा बिजुल नदी के नाविकों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सोन, रिहंद, कर्मनाशा, कनहर और बेलन सहित अन्य नदियों के नाविकों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

सायंकाल छठ घाट पर आयोजित महागंगा आरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष कुमार जायसवाल एवं विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने दीप प्रज्वलित कर आरती का शुभारंभ किया। घाट पर दीपों की जगमगाहट और आरती की भव्यता ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं और रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं स्थानीय आदिवासी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक करमा एवं परसोना नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से सोनभद्र की पारंपरिक लोककला और सांस्कृतिक विरासत जीवंत हो उठी।

इस दौरान उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई। हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष कुमार जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चोपन अखिलेश, उप प्रभागीय वनाधिकारी शत्रुघ्न त्रिपाठी एवं कपिल, क्षेत्रीय वनाधिकारी अभिषेक यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम, जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम, नगर पंचायत चोपन के लिपिक अंकित पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।आयोजन के माध्यम से जिला गंगा समिति ने संदेश दिया कि नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, आजीविका और जीवन का आधार हैं। जनपद में पहली बार हुई नौका दौड़ ने विभिन्न नदियों के नाविकों को एक मंच पर लाकर नदी संरक्षण के अभियान को नई पहचान दी।




