
सोनभद्र। जनपद में धान खरीद सत्र के दौरान किसानों को आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल ने आवाज उठाई है। राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने प्रभारी मंत्री को पत्र भेजकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।उन्होंने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि जनपद के अनेक किसानों को सरकारी धान क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के राजस्व अभिलेखों में अंश निर्धारण (हिस्सेदारी) नहीं होने के कारण उनका धान विक्रय के लिए पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। वहीं, जिन किसानों का अंश निर्धारण हो चुका है, उनकी खाता संख्या एवं खसरा संख्या ऑनलाइन धान खरीद पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रही है अथवा अपडेट नहीं हुई है।इस तकनीकी खामी के चलते पात्र किसान भी सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए किसान लेखपाल, तहसील और संबंधित विभागों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि किसान कठिन मेहनत और लागत लगाकर अपनी फसल तैयार करता है, लेकिन विभागीय लापरवाही और तकनीकी खामियों के कारण यदि उसकी उपज सरकारी केंद्रों पर नहीं बिक पाती है तो उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।उन्होंने प्रभारी मंत्री से मांग की है कि जिन किसानों का अंश निर्धारण नहीं हुआ है, उनका शीघ्र निर्धारण कराया जाए। जिन किसानों का अंश निर्धारण हो चुका है, उनकी खाता एवं खसरा संख्या तत्काल पोर्टल पर अपडेट कराई जाए। साथ ही राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए।उन्होंने यह भी मांग की कि तकनीकी समस्या के कारण धान बेचने से वंचित किसानों को पर्याप्त समय और अवसर दिया जाए तथा पोर्टल की समस्या दूर होने तक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी धान खरीद से वंचित न रहे।राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने प्रभारी मंत्री से किसानों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। चंद्रशेखर, सूर्यकांत, धीरज,मीडिया प्रभारी विकास पांडे और कार्यकर्ता रहे।




