
रॉबर्ट्सगंज , सोनभद्र।नवीन सब्जी मंडी में सोमवार की रात हुए अग्निकांड के बाद मंगलवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। पूर्व सदर विधायक सपा अविनाश कुशवाहा और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने अलग-अलग मंडी पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली और मंडी सचिव रविकांत ओझा से वार्ता कर मुआवजे तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

सोमवार रात करीब 11 बजे मंडी परिसर में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। आग में आलू, प्याज और लहसुन की बोरियों के साथ फल-सब्जियों की पेटियां, कई दुकानें और ठेले जलकर नष्ट हो गए। परिसर में खड़ी दो बाइक और एक कार भी आग की चपेट में आ गईं। अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने नुकसान पर चिंता जताते हुए कहा कि अग्निकांड से किसानों और व्यापारियों को भारी क्षति हुई है। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 से 40 किसानों की उपज प्रभावित हुई है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कराने, आग लगने के कारणों का पता लगाने और किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही प्रभावित किसानों और दुकानदारों को उचित मुआवजा देने तथा मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही। उन्होंने छोटे फुटकर दुकानदारों को दुकान लगाने की अनुमति देने का मुद्दा भी उठाया।

वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को दी गई है। उनके अनुसार, मंत्री ने जिलाधिकारी से वार्ता कर पीड़ित व्यापारियों को नियमानुसार मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डॉ. तिवारी ने मंडी सचिव से नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने का आग्रह किया, ताकि प्रभावितों को जल्द राहत मिल सके। इस दौरान अरविंद पांडेय, मनीष अग्रहरि और योगेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।मंडी सचिव रविकांत ओझा ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि करीब 10 से 15 दिन पहले आई आंधी में सीसीटीवी के तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें ठीक कराया जाएगा। मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पीआरडी जवानों के स्थान पर भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से सुरक्षा गार्ड रखने की तैयारी की जा रही है।सचिव के मुताबिक, दुकानदारों का व्यक्तिगत बीमा मंडी समिति की ओर से नहीं कराया जाता है, लेकिन विभागीय प्रावधानों के तहत प्रभावितों को अधिकतम संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने बताया कि ‘स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी’ अभियान के तहत अवैध अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई का कार्य भी कराया जा रहा है।फिलहाल अग्निकांड के कारणों की जांच और नुकसान के आकलन का इंतजार है। प्रभावित किसानों और दुकानदारों को अब प्रशासन की कार्रवाई तथा मुआवजे संबंधी निर्णय से राहत मिलने की उम्मीद है।




