
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनहित संकल्प पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को घोरावल विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज में आयोजित जनाधार संकल्प रैली के जरिए पार्टी ने चुनावी बिगुल फूंक दिया। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल ने घोरावल विधानसभा सीट से डॉ. अरविंद पटेल को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। साथ ही प्रदेश की सैकड़ों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी।

जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल ने कहा कि जनहित संकल्प पार्टी किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को राजनीतिक मंच पर मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को न्याय, सम्मान और विकास का समान अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में जनहित संकल्प पार्टी की सरकार बनने पर बिजली बिल आधा किया जाएगा तथा केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और बेरोजगारी की समस्या दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

डॉ. पटेल ने शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए विश्वविद्यालयों में भेदभाव रोकने के लिए यूजीसी के नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। उन्होंने चुनाव में ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर के इस्तेमाल की भी पैरवी की।

उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में जनसभाओं के माध्यम से संगठन को मजबूत कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और महंगाई पार्टी के प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे।रैली के दौरान डॉ. अरविंद पटेल को घोरावल विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जनाधार संकल्प रैली के माध्यम से पार्टी ने घोरावल समेत पूरे जनपद में अपनी राजनीतिक सक्रियता और चुनावी दावेदारी का संदेश देने का प्रयास किया। रैली में हजारों की संख्या में जनसंख्या मौजूद रहे।




