सेंधुरी विद्यालय का वार्षिकोत्सव बना प्रेरणा का मंच, मेधावी छात्रों व शिक्षकों का उत्साहवर्धन

रॉबर्ट्सगंज विकास खंड के सेंधुरी ग्राम पंचायत स्थित कम्पोजिट विद्यालय में मंगलवार को शिक्षा चौपाल एवं वार्षिकोत्सव समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामसकल मुख्य अतिथि तथा प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। छात्रों ने ढोल-नगाड़ों के साथ अतिथियों का स्वागत किया और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
विज्ञान प्रयोग, टीएलएम मेला और मॉडल प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहे। कला और निबंध प्रतियोगिताओं में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपने संबोधन में रामसकल ने शिक्षा को विकास की कुंजी बताते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र मौर्य ने शिक्षा को ज्ञान का दर्पण बताते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को सम्मानित किया गया, साथ ही मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। नवारंभ उत्सव के तहत कक्षा 1 में प्रवेश हेतु चिन्हित बच्चों का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रधानाध्यापक कमलेश सिंह के नेतृत्व में हुआ, जिसमें शिक्षक, अभिभावक व गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




