जिलाधिकारी ने पेट्रोल-डीजल व गैस आपूर्ति पर कसा शिकंजा, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सोनभद्र :-जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेट्रोल-डीजल रिटेल आउटलेट संचालकों, एलपीजी गैस एजेंसी डीलरों तथा तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पेट्रोल पंप संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी उपलब्ध रखें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस के लिए ईंधन का आरक्षित स्टॉक बनाए रखने के भी निर्देश दिए।उन्होंने यह भी कहा कि सभी पंप संचालक प्रतिदिन के ओपनिंग स्टॉक एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें तथा दैनिक बिक्री और शेष स्टॉक की जानकारी तेल कंपनियों के माध्यम से जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएं। कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव, अवैध भंडारण एवं डायवर्जन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।जिलाधिकारी ने ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिगत बोतल या गैलन में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा।
एलपीजी गैस एजेंसियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिन तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन के बाद ही बुकिंग एवं डिलीवरी की सुविधा दी जाए। उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य ही लिया जाए तथा समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गैस एजेंसियों को बुकिंग की सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए भी गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा डुप्लीकेट मांग पर रोक लगाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए तथा नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।



