यूपीसोनभद्र

आस्था के मंच पर जीवंत हुई 124 साल पुरानी रामलीला, नारद मोह की लीला से हुआ शुभारंभ

रूबी प्रसाद ने किया उद्घाटन, मर्यादा और संस्कारों का संदेश लेकर शुरू हुआ ऐतिहासिक आयोजन

सोनभद्र।रॉबर्ट्सगंज में 124 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक श्रीरामलीला का गुरुवार की रात पारंपरिक मुकुट पूजन के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के आगाज पर रामलीला परिसर श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद और विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इसके बाद मुकुट पूजन, रामायण पूजन, रिबन काटने और नारियल फोड़ने की रस्म विधिवत संपन्न हुई। मंचन शुरू होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।पहले दिन नारद मोह की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने देवर्षि नारद की कठोर तपस्या, इंद्र की चिंता, कामदेव और अप्सराओं के प्रयास तथा तपस्या में सफलता के बाद नारद के मन में उत्पन्न अहंकार के प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

विश्वमोहिनी के स्वयंवर और भगवान विष्णु की लीला के जरिए यह संदेश दिया गया कि अहंकार मनुष्य के विवेक को प्रभावित कर देता है और अभिमान अंततः पतन का कारण बनता है। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और रामलीला प्रेमी देर रात तक डटे रहे।मुख्य अतिथि रूबी प्रसाद ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों को समझने का माध्यम है। रॉबर्ट्सगंज की यह ऐतिहासिक परंपरा नगर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। इसे सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग और कर्तव्य की प्रेरणा देता है। भरत का चरित्र समर्पण, लक्ष्मण की सेवा भ्रातृभक्ति और माता सीता का जीवन धैर्य व निष्ठा का संदेश देता है। वहीं, रावण का अंत बताता है कि ज्ञान और शक्ति होने के बावजूद अहंकार व्यक्ति को पतन की ओर ले जाता है।विशिष्ट अतिथि पुष्पा सिंह ने कहा कि रामलीला समाज को प्रेम, त्याग, मर्यादा और नैतिकता के रास्ते पर चलने की सीख देती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

कार्यक्रम के अंत में श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष पवन जैन ने अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह, राकेश गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, डॉ. धर्मवीर तिवारी, आनंद मिश्रा, देवेश मिश्रा, रामप्रसाद यादव, दीपक केशरवानी, धर्मराज जैन, बलराम सोनी, सभासद गायत्री सिंह, अनवर अली, मनोज चौबे, भैयालाल और प्रदीप पटेल सहित अन्य सभासद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!