
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली चौक पर शुक्रवार को पुलिस सहायता केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। सदर विधायक भूपेश चौबे और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-पाठ भी कराया गया।

पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना का उद्देश्य आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। केंद्र पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल मदद मिल सकेगी। इससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ने के साथ ही अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी जाएगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करने और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

पुलिस सहायता केंद्र के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को अपनी समस्याओं और शिकायतों के लिए पुलिस तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।इस पहल से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने पर जोर दिया गया।

उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, रॉबर्ट्सगंज थाने के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




