यूपीसोनभद्र

मिमिक्री के जरिए नशे के दुष्परिणामों से रूबरू हुए युवा

धर्मा फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में चला जागरूकता अभियान, अतिथियों ने युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का दिया संदेश

सोनभद्र। जिला मुख्यालय के निकट गोरारी गांव स्थित धर्मा फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में ‘नशा मुक्ति संकल्प अभियान- अभय’ के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभय शर्मा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ धर्मा फाउंडेशन के संस्थापक अरुण शंकर पाठक ‘शिशु’ ने मुख्य वक्ता अभय शर्मा को बुके और अंगवस्त्र भेंट कर किया। इस दौरान अतिथियों ने केंद्र में उपचार करा रहे युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। युवाओं ने बताया कि वे नशा छोड़ना चाहते हैं, लेकिन बार-बार प्रयास के बावजूद सफल नहीं हो पा रहे हैं। नशा छोड़ने के दौरान उन्हें नींद न आने जैसी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है।इस पर अभय शर्मा ने युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार गाना गाने, निबंध लिखने, पेंटिंग करने, मिमिक्री और खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत से बाहर निकलने के लिए मानसिक रूप से मजबूत रहने के साथ सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद और उचित उपचार भी लेना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान अभय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मिमिक्री प्रस्तुत कर युवाओं को नशे के नुकसान समझाए। उनकी प्रस्तुति से कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा हो गया और युवाओं के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी।धर्मा फाउंडेशन के संस्थापक अरुण शंकर पाठक ‘शिशु’ ने कहा कि संस्था का उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को सही राह दिखाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। समाजसेवी सत्य प्रताप सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखे बिना समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है।नशा मुक्ति अभियान के संयोजक एवं यूथ आइकॉन सौरभ कांत पति तिवारी ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा और भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा करियर निर्माण और राष्ट्रहित के कार्यों में लगानी चाहिए। अभियान के सह प्रभारी अजय शर्मा ने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे युवाओं को तिरस्कार नहीं, बल्कि प्रेम, सहयोग और उचित मार्गदर्शन की जरूरत है, ताकि वे नया जीवन शुरू कर सकें।कार्यक्रम के अंत में अरुण शंकर पाठक ‘शिशु’ ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शुभम गुप्ता, श्याम बाबू केसरी, स्वप्न तिवारी, राजेश शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!