यूपीसोनभद्र

नीतीश की मौत पर उठे सवाल, दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

कोन पहुंचे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डा. धर्मवीर तिवारी, दूसरे थाना क्षेत्र की पुलिस से जांच कराने की उठाई मांग

कोन , सोनभद्र।चेरवाडीह में युवक नीतीश तिवारी उर्फ बाटा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता ललित तिवारी निवासी केवाल की तहरीर पर चेरवाडीह निवासी आनंद जायसवाल उर्फ सोनू पुत्र रामजनम जायसवाल और लोकेश पासवान पुत्र सुरेंद्र पासवान को नामजद किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।जानकारी के अनुसार, नीतीश तिवारी मंगलवार की देर शाम अपनी बहन के घर चेरवाडीह आया था। कुछ समय बाद वह घर के सामने सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में अचेत मिला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पुत्र का गांव के ही दो युवकों से पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। उन्होंने दोनों युवकों पर पूर्व में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पिता ने आशंका जताई कि उन्हीं दोनों युवकों ने उनके पुत्र के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों नामजद युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डा. धर्मवीर तिवारी कार्यकर्ताओं के साथ कोन पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग की। डा. तिवारी ने कहा कि मामले की विवेचना दूसरे थाना क्षेत्र की पुलिस से कराई जानी चाहिए, ताकि निष्पक्षता के साथ सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।पीड़ित परिवार की लगातार पैरवी और मामले को गंभीरता से उठाए जाने के बाद गुरुवार दोपहर बाद पुलिस ने दोनों नामजद युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना से मृतक के परिवार में शोक व्याप्त है। परिजन मामले का निष्पक्ष खुलासा कर न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

इस दौरान युवा मोर्चा के पूर्व संयोजक मनीष अग्रहरि, मंडल अध्यक्ष रामलाल चेरो, बृजकुमार जायसवाल, रमेश चौबे और हृदय पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!