यूपीसोनभद्र

मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित होते ही भक्ति में डूबा रॉबर्ट्सगंज

करीब 80 पूजा पंडालों में उमड़ रहे श्रद्धालु, आकर्षक सजावट और रोशनी से बढ़ी नवरात्रि की रौनक

रॉबर्ट्सगंज /सोनभद्र । शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शनिवार को रॉबर्ट्सगंज नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में करीब 80 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाए गए हैं। पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और रोशनी से भव्य स्वरूप दिया गया है। प्रतिमाओं की स्थापना के बाद दर्शन-पूजन शुरू हो गया।

शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी। लोग परिवार के साथ पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं।नवरात्रि के चलते नगर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री, प्रसाद और मिठाइयों की दुकानों पर चहल-पहल बनी हुई है। वहीं, पंडालों के आसपास चाट, गोलगप्पे, जलेबी और खिलौनों की दुकानें भी सज गई हैं। बच्चों में मेले को लेकर खासा उत्साह है। श्रद्धालु दर्शन-पूजन के साथ खरीदारी और खानपान का भी आनंद ले रहे हैं।नगर के अलावा आसपास के गांवों में भी दुर्गा पूजा की तैयारियां पूरी कर प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। देवी गीतों और माता रानी के जयकारों से ग्रामीण क्षेत्रों का माहौल भी भक्तिमय बना हुआ है।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और यातायात को सुचारु बनाए रखने पर ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग को सतर्क रखा गया है। प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही रॉबर्ट्सगंज नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक नवरात्रि का उल्लास छा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!