सोनभद्र में बेरोजगारों के लिए भव्य रोजगार मेला 30 मार्च को

सोनभद्र :-जिला सेवायोजन कार्यालय, सोनभद्र द्वारा जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से जिला सेवायोजन कार्यालय, खुशबू बाग नर्सरी रोड (जिला अस्पताल के सामने), लोढ़ी, रॉबर्ट्सगंज में भव्य रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले में लगभग 12 प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी। प्रमुख कंपनियों में विज़न इंडिया सर्विसेज प्रा. लि. (हिंडालको इंडस्ट्रीज, रेनुकूट), वज्र एलईडी, सोलेरा इंडस्ट्रीज , कृतिका इंटरप्राइजेज , सूद ऑटोमोबाइल्स , रोहित हाइब्रिड सीड्स , कैसपर माइक्रो क्रेडिट , स्वाभिमान माइक्रोफाइनेंस , फ्लिपकार्ट , क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लि. और रॉयल एनफील्ड शामिल हैं। कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। मेले में आए सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार स्थल पर ही नियोजकों द्वारा लिया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय ने बताया कि यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है। इसमें भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का शुल्क या यात्रा व्यय नहीं देना होगा। अधिकारियों ने जनपद के समस्त इच्छुक एवं योग्य बेरोजगार अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।




