एड्स नियंत्रण कर्मियों ने दो घंटे कामकाज रखा ठप, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
15 अक्टूबर को लखनऊ में धरना, 16 से एचआईवी-एड्स संबंधी सेवाएं स्थगित करने का ऐलान

सोनभद्र।उत्तर प्रदेश एड्स नियंत्रण कर्मचारी संघ के आह्वान पर सोमवार को सोनभद्र में एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया। जिला अस्पताल के आईसीटीसी सेंटर, दुद्धी, चोपन और म्योरपुर सहित जिला अस्पताल स्थित एआरटी एवं एसटीआई केंद्रों के कर्मचारियों ने ड्यूटी शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटे तक कामकाज बंद रखा। इसके बाद कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम करते हुए अपनी मांगों को लेकर शासन के प्रति नाराजगी जताई।संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 20 सितंबर को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश है। इसी के विरोध में 12 से 14 अक्टूबर तक प्रतिदिन ड्यूटी शुरू होने के पहले दो घंटे कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 15 अक्टूबर को सुबह नौ बजे लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदेशव्यापी धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 अक्टूबर से ईको गार्डन में भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। साथ ही प्रदेशभर में एचआईवी/एड्स से संबंधित सेवाएं स्थगित करने की चेतावनी दी गई है।

संघ की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों का नियमितीकरण, नियमितीकरण होने तक नौकरी की सुरक्षा और ऑटो रिन्यूअल की व्यवस्था, लंबित 20 प्रतिशत अतिरिक्त मासिक पारिश्रमिक का भुगतान तथा 30 लाख रुपये के ग्रुप टर्म इंश्योरेंस का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा पूर्व में हटाए गए कर्मचारियों का पुनः समायोजन, नियमित भर्तियों में अतिरिक्त अंक, आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट और पारस्परिक स्थानांतरण की सुविधा देने की मांग की गई है।कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों का निस्तारण नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इस दौरान अमित शुक्ला, अशोक कौशल, अभिजीत पांडेय, वाचस्पति मिश्रा, मयंक पांडेय, अशोक सिंह, सुनीता पांडेय, इंदु चौबे, प्रिया, शिव शंकर सिंह, राम सिंह, चंदन, पवन, अविनेश, वंदना, आशीष शुक्ला, लक्ष्मण सिंह चौहान, अर्चना, रिंकू, अंजनी कुमार और सूर्यकांत राव समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




