यूपीसोनभद्र

टोल प्लाजा की अव्यवस्थाओं, जल जीवन मिशन की बदहाली और फ्लाईओवर के नीचे बसों के संचालन पर जताई नाराजगी

उद्योग बंधु की बैठक में कौशल शर्मा ने उठाए तीन बड़े मुद्दे, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र । कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों और आमजन से जुड़ी तीन प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

बैठक में कौशल शर्मा ने सबसे पहले वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर संचालित टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने टोल वसूली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सड़क का नियमित रखरखाव कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा टोल प्लाजा पर पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क धंसने, गहरी रटिंग और सर्विस लेन में गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली और राजस्व वसूली की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की।

दूसरे मुद्दे में उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर नल से जल योजना की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से सटे बिचपई, बढ़ौली, पुसौली और उरमौरा सहित आसपास के गांवों में अब तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। कई परिवारों को नल कनेक्शन तक नहीं मिला है। उन्होंने योजना की स्थलीय जांच कराकर प्रत्येक पात्र परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।तीसरे मुद्दे में उन्होंने फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के संचालन पर सवाल उठाया। कहा कि पूर्व में प्रशासन की ओर से आवश्यक निर्देश दिए जाने के बावजूद बसों का संचालन निर्धारित रोडवेज परिसर के बजाय फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।कौशल शर्मा ने कहा कि उद्योग बंधु की बैठक महज औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान भी होना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। बैठक में नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल, प्रतीक केसरी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!