यूपीसोनभद्र

मिशन शक्ति 6.0 से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक

सोनभद्र पुलिस का जनजागरूकता अभियान तेज, साइबर अपराधों से बचाव के तरीके भी बताए

सोनभद्र ।महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत मिशन शक्ति की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दे रही हैं। कार्यक्रमों में गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना भय और संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित कर रही है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।

अक्टूबर माह में विशेष साइबर जागरूकता अभियान के तहत बच्चों, बालिकाओं और आमजन को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी जा रही है।लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करें। अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क करते समय विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना संबंधित एजेंसी को देने की अपील भी की जा रही है।पुलिस ने साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने तथा आधिकारिक वेबसाइट

www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी है।महिला सुरक्षा एवं सहायता के प्रमुख हेल्पलाइन नंबर- 112 — आपातकालीन पुलिस सेवा-1090/1091 — महिला सुरक्षा हेल्पलाइन- 181 महिला हेल्पलाइन -1930 — साइबर अपराध हेल्पलाइन- 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की है। साथ ही आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया है।पुलिस का संदेश है— नारी का सम्मान, सुरक्षा की पहचान; सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से ही सशक्त नारी एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!