यूपीसोनभद्र

मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्था पर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

सफाई, डॉक्टरों की तैनाती, दवाओं और मरीजों की सुविधाओं में सुधार की मांग

सोनभद्र । मेडिकल कॉलेज लोढ़ी स्थित ट्रामा सेंटर में अव्यवस्थाओं और मरीजों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार को आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के जिला अध्यक्ष रविकांत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग उठाई।

जिला अध्यक्ष रविकांत ने आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर के विभिन्न वार्डों में नियमित साफ-सफाई नहीं होती है। शौचालय और बाथरूम की स्थिति खराब है तथा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक समय से उपलब्ध नहीं रहते। सीमित स्टाफ के सहारे वार्डों का संचालन किया जा रहा है। लिफ्ट खराब रहने, पंखे और लाइट की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा पेयजल की सुविधा के अभाव में मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है।ज्ञापन में अस्पताल परिसर में नियमित सफाई कराने, लापरवाही बरतने वाले सफाई ठेकेदार पर कार्रवाई करने, आरओ और वाटर कूलर लगवाने, आयुष्मान कार्ड से इलाज सुनिश्चित करने तथा मरीजों को अस्पताल से ही दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बाहर से मंगाने पर रोक लगाने की बात भी उठाई गई।प्रदर्शनकारियों ने इमरजेंसी वार्ड में अनुभवी चिकित्सकों की तैनाती, एल-2 भवन की रात्रिकालीन इमरजेंसी में दो डॉक्टरों की ड्यूटी, ब्लड जांच की रिपोर्ट समय से देने, जनरेटर की नियमित व्यवस्था, वार्डों में डस्टबिन लगाने और स्टाफ की कमी दूर करने की मांग की। साथ ही मरीजों एवं तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार रोकने तथा निविदा कर्मचारियों का वेतन समय से भुगतान करने की मांग भी शामिल रही।रविकांत ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर 16 अक्टूबर को भी प्राचार्य को पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल राव, जिला प्रभारी एडवोकेट रवि शंकर, जिला उपाध्यक्ष डॉ. ऋषि राज, दुद्धी विधानसभा अध्यक्ष अमरेश, घोरावल विधानसभा अध्यक्ष कमलेश कुमार, जिला महामंत्री अरुण कुमार, जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर कुमार, दिनेश मास्टर, सुरेंद्र जाटव, अशोक कुमार, गंगासागर, रोशन राव, सुनील कुमार एडवोकेट, आरती पटेल और केवल दादा सहित भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!