यूपीसोनभद्र

अधिवक्ता की हत्या के विरोध में सोनभद्र के वकीलों का प्रदर्शन, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग

हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की उठाई मांग

सोनभद्र । कानपुर के कालपी में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार एडवोकेट की निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को सोनभद्र बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव एडवोकेट की अध्यक्षता एवं महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी एडवोकेट के संचालन में अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर का चक्रमण करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।

इस दौरान अधिवक्ताओं ने एक नवंबर 2026 को कानपुर (कालपी) में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की क्रूरतापूर्वक की गई हत्या की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। इन घटनाओं से अधिवक्ता समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता से अधिवक्ताओं में काफी आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

प्रदर्शन के उपरांत अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर चार सूत्रीय मांगें उठाईं। इसमें गयादीन अहिरवार के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक सदस्य को तत्काल सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की गई।

इसके अलावा अधिवक्ताओं ने प्रदेश में लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए तत्काल कठोर कानून एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की।

इस मौके पर गोविंद प्रसाद मिश्र, राकेश शरण मिश्र, ओम प्रकाश त्रिपाठी, रमेश प्रसाद चौबे, आनंद मिश्र, राजीव सिंह गौतम, अखिलेश पांडेय, विनोद शुक्ला, प्रभात मिश्र, अरुण सिंघल, पवन मिश्रा, मनोज मिश्रा, आशुतोष दुबे, बंसी पांडेय, गीता गौर, अभिषेक श्रीवास्तव, अंकित सिंह, भानु चौहान, सुजीत, धीरज और राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!