
सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राबर्ट्सगंज में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने बताया कि जनपद की वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री संगीता श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रदेश कोआर्डिनेटर (पब्लिसिटी) के महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत किया गया है।नवनियुक्त प्रदेश कोआर्डिनेटर संगीता श्रीवास्तव ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए वह समर्पित होकर कार्य करेंगी।संगीता श्रीवास्तव ने अपने मनोनयन के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और पूर्वांचल प्रभारी वरुण चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि संगीता श्रीवास्तव के प्रदेश स्तर पर दायित्व मिलने से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व प्रदेश सचिव ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश मिश्रा, जिला महासचिव, शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद सुनीता तिवारी, आरटीआई चेयरमैन श्रीकांत मिश्रा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रीकांत सरोज समेत जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




