
सोनभद्र । प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र लाभार्थियों को दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की तैयारी तेज हो गई है। योजना का लाभ सभी पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उज्ज्वला योजना के सभी पंजीकृत लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही बैंक खातों की आधार सीडिंग और ई-केवाईसी की स्थिति भी तत्काल अद्यतन की जाए, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समय से गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर और प्रबंधकों को सभी लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।अपर जिलाधिकारी ने निष्क्रिय लाभार्थियों और बैंक खातों की पहचान कर सूची अपडेट करने को कहा। इसके अलावा योजना की पात्रता, निःशुल्क सिलेंडर रिफिल प्राप्त करने की प्रक्रिया और निर्धारित तिथियों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप-विज्ञान, समस्त पूर्ति निरीक्षक तथा इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के विक्रय प्रबंधक मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और तेल कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ योजना का पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।




