
सोनभद्र ।रॉबर्ट्सगंज में लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र की ओर से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह से शुरू हुई दौड़ चाचा नेहरू पार्क स्थित शहीद स्थल तक पहुंची। इसमें भाजपा के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम के संयोजक जिला महामंत्री अशोक मौर्य रहे, जबकि अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल ने की। मुख्य रूप से काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री रामसुन्दर निषाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन संघर्ष, साहस और राष्ट्रसेवा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके प्रयासों से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण संभव हो सका। कार्यक्रम संयोजक जिला महामंत्री अशोक मौर्य ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता से देश को एक सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया। आज की पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री रामसुन्दर निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारत के महान राष्ट्रनिर्माताओं में से एक थे। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए सदैव कार्य करना चाहिए।कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष बृजेश श्रीवास्तव, जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, मनोज सोनकर, मंजू गिरी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा, पूर्व चेयरमैन कृष्णमुरारी गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी, जिला सह मीडिया प्रभारी अमन मौर्य, बीएन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, दिलीप चौबे, रामबली मौर्य, बलराम सोनी, पिंटू सिंह, अजय श्रीवास्तव, अभिषेक गुप्ता, अजय पांडेय, सरोज केशरी, ऋतु अग्रहरि एवं तारा देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अंत में सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




