
सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में बरेली में आयोजित प्रदेश स्तरीय ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह का टीवी के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर सोनभद्र के ग्राम प्रहरियों को साइकिल, टॉर्च और रेनकोट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों को 149 साइकिल, 130 टॉर्च और 132 रेनकोट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात ग्राम प्रहरियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनके कार्यों को सुगम बनाना और मनोबल बढ़ाना है।

ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। गांवों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने, अपराधों की रोकथाम में सहयोग करने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रियता से पुलिस को ग्रामीण क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी समय पर मिलती है।प्रदेश स्तर पर आयोजित सम्मान समारोह के सजीव प्रसारण और सामग्री वितरण के माध्यम से ग्राम प्रहरियों के योगदान को महत्व दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें अपने दायित्वों के प्रति प्रोत्साहित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में सहयोग प्राप्त करना रहा।



