यूपीलोकल न्यूज़सोनभद्र

दुद्धी में सड़क सुरक्षा सप्ताह: नियम तोड़ने वालों को गुलाब और माला पहनाकर समझाया, सीओ राजेश राय की अनोखी पहल

उपेंद्र तिवारी महुली/दुद्धी/सोनभद्र

 

दुद्धी, सोनभद्र। नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान दुद्धी पुलिस ने जागरूकता का बेहद अनोखा तरीका अपनाया। वाहन चलाते समय नियमों का उल्लंघन करने वालों को कोतवाली पुलिस व क्षेत्राधिकारी (सीओ) दुद्धी राजेश राय ने न तो चालान काटा और न ही डांटा—बल्कि उन्हें गुलाब का फूल और माला पहनाकर सम्मानित किया, साथ ही भविष्य में नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।

सीओ राजेश राय ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता फैलाना है। इसलिए नियम तोड़ने वालों को सम्मान देकर यह संदेश दिया गया कि वे आगे से यातायात नियमों का पालन करें और अपने साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

स्थानीय पुलिस की इस नवीन पहल को आम जनता ने खूब सराहा। लोगों का कहना है कि इस तरह के सकारात्मक प्रयास से वाहन चालक शर्मिंदगी के बजाय प्रेरित होते हैं और यातायात नियमों का पालन अधिक जिम्मेदारी से करते हैं।

सड़क सुरक्षा सप्ताह आज समाप्त हो चुका है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का पालन हर दिन जरूरी है, और ऐसे प्रयास आगे भी समय–समय पर जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!