
सोनभद्र । दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो निःशुल्क एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की सौगात दी। मंगलवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण सोनभद्र के डीपीआरसी सेंटर में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, चोपन ब्लॉक प्रमुख लीला गोड़, नगवां ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता तथा एआरओ पृथ्वीराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। दीपावली पर दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलने से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कुल 2,54,745 लाभार्थी परिवार पंजीकृत हैं। सभी पात्र परिवारों को दो गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ पारदर्शी एवं सुचारु तरीके से प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाया जाए।

प्रदेश सरकार की इस योजना से 1.89 करोड़ से अधिक उज्ज्वला लाभार्थी परिवार लाभान्वित होंगे। इसके लिए लगभग 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक सिलेंडर रिफिल पर कुल 1,026 रुपये की सब्सिडी निर्धारित की गई है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 659.33 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 366.67 रुपये दिए जाएंगे।

योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रसोई ईंधन उपलब्ध कराना और पारंपरिक ईंधन से निकलने वाले धुएं से महिलाओं को राहत दिलाना है। सरकार की इस पहल से दीपावली पर लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ स्वच्छ ईंधन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।




