यूपीसोनभद्र

विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, सोनभद्र में ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गोदाम का निरीक्षण कर परखी एफएलसी की प्रक्रिया, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो रही जांच

सोनभद्र ।आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी)आज से शुरू हो गई। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट गोदाम, लोढ़ी में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के इंजीनियरों द्वारा मशीनों की जांच की जा रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह प्रक्रिया शुरू की गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने ईवीएम-वीवीपैट गोदाम का निरीक्षण कर चल रहे एफएलसी कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों से मशीनों की जांच प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा कार्य की प्रगति का अवलोकन किया।इस दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं स्टेट ईवीएम नोडल अधिकारी गोपीनाथ कुअर ने भी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के निरीक्षण की प्रक्रिया का जायजा लिया। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की जा रही है।

एफएलसी के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बीईएल के इंजीनियर मशीनों की जांच कर रहे हैं। इससे निर्वाचन संबंधी तैयारियों में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मशीनों की जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।निरीक्षण के अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के इंजीनियर उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!