
सोनभद्र।शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सोमवार को जनपद में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज से भव्य पैदल जागरूकता मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मार्च के जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा उपस्थित रहे। जागरूकता मार्च में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, विंद बीएड कॉलेज और साई पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं के साथ महिला सहायता समूह तथा मारवाड़ी मंच से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।

इसके साथ ही महिला सुरक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।पैदल मार्च के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का संदेश देते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। आमजन से भी महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की गई।

महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबर -112— आपातकालीन सहायता -1090— महिला पावर लाइन 1091 — महिला पुलिस हेल्पलाइन -181— महिला हेल्पलाइन-1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन -1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।




