Uncategorized

पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, अस्पताल में शव लेकर पहुंचे परिजन

इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग, देर रात तक चलता रहा हंगामा

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज स्थित निजी हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के बाद 50 वर्षीय महिला की मौत को लेकर मंगलवार देर रात परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजन शव लेकर अस्पताल पहुंचे और इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया और परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाया।रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के होना ठेकहिया गांव निवासी श्रीनिवास के मुताबिक उन्होंने अपनी पत्नी रुक्मणी (50) को पथरी की समस्या के चलते सोमवार को निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। मंगलवार दोपहर उनका ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल की ओर से महिला को एंबुलेंस से वाराणसी स्थित स्टार हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।श्रीनिवास का आरोप है कि वाराणसी स्थित अस्पताल पहुंचने पर इलाज शुरू करने के लिए 35 हजार रुपये मांगे गए। तत्काल पूरी रकम उपलब्ध नहीं होने के कारण उपचार शुरू होने में करीब चार घंटे की देरी हुई। बाद में 20 हजार रुपये जमा करने के बाद इलाज शुरू किया गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर वापस रॉबर्ट्सगंज स्थित निजी हॉस्पिटल पहुंचे। अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए उन्होंने कार्रवाई होने तक शव नहीं उठाने की बात कही। परिजनों ने ऑपरेशन के बाद समय पर उपचार नहीं मिलने और रेफर किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की बात कही। हालांकि देर रात तक परिजन अस्पताल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और हंगामा जारी रहा।परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!