
चोपन , सोनभद्र। थाना क्षेत्र के अग्रवाल मार्केट में सोमवार को पूजा के दौरान एक सिलाई और कॉस्मेटिक की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय दुकानदार का पूरा परिवार दुकान से जुड़े कमरे में मौजूद था। आग तेजी से फैलते देख परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में दुकानदार के अनुसार करीब दो लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया।दुकानदार बीरेंद्र शर्मा उर्फ पप्पू ने बताया कि पूजा के दौरान अचानक आग लगी। दुकान में सिलाई के बटन, धागे समेत अन्य कच्चा सामान और कॉस्मेटिक सामग्री रखी थी। आग की चपेट में आने से अधिकांश सामान जलकर खराब हो गया। उन्होंने बताया कि दुकान के लिए बैंक से ऋण भी लिया गया था, ऐसे में आग से हुए नुकसान से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।आग लगने के बाद बीरेंद्र शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की लपटें और धुआं उठता देख मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर चोपन फायर सर्विस की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।एलएफएम अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पूजा के दौरान आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि घटना में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चोपन गोपालजी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। प्रारंभिक तौर पर पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन संबंधित स्तर से किया जा रहा है।




