पीडीए जन पंचायत में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा सरकार को हटाने का आह्वान
ओबरा के कनहरा में आयोजित जन पंचायत में हृदय नारायण प्रजापति ने संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर बुधवार को विधानसभा क्षेत्र 402 ओबरा के कनहरा में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हृदय नारायण प्रजापति ने जन पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने प्रत्येक इंसान को मानव के रूप में अपनी पहचान और सम्मान स्थापित करने के लिए संघर्ष करने का संदेश दिया था। उन्होंने स्वयं सामाजिक भेदभाव और सामंती सोच को चुनौती देते हुए समाज को अधिकारों के प्रति जागरूक किया।हृदय नारायण प्रजापति ने कहा कि बाबा साहब सामाजिक सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा हैं। उन्होंने भाजपा पर संविधान और बाबा साहब के सम्मान को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज को एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात करते हैं। कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से काम करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे नेता हैं, जिन्हें विभिन्न वर्गों के लोग सम्मान देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की अपील की।कार्यक्रम में प्रदेश सचिव मुनीर अहमद, ओबरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील गौड़, रामजतन प्रजापति, मदन प्रजापति, अभिषेक प्रजापति, राम अवधेश प्रजापति, रामबली प्रजापति, कमीन प्रसाद प्रजापति, रामसनेही प्रजापति, भगवान प्रसाद प्रजापति, राम प्रसाद प्रजापति, राम आधार प्रजापति, राजेश गुर्जर, मोहम्मद शेख, अरविंद गुप्ता, रामानुज जायसवाल, वीरेंद्र प्रजापति, उर्मिला प्रजापति, प्रमिला प्रजापति, किसमतिया प्रजापति, फूलवंती प्रजापति और रमेश सिंह यादव सहित क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।




