लोकल न्यूज़सोनभद्र

गरीबों और उपेक्षितों की सेवा को समर्पित है सर्वेश्वरी समूह : चंद्र विक्रम पद्म शरण शाह

चुर्क में स्थापना दिवस पर निकली प्रभात फेरी, अघोर ग्रंथ का हुआ पाठ; सामाजिक सेवा कार्यों पर दिया जोर

सोनभद्र। सर्वेश्वरी समूह का स्थापना दिवस बुधवार को चुर्क प्रांगण में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। समूह के सदस्यों ने नगर के विभिन्न मार्गों से प्रभात फेरी निकालकर लोगों को सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश दिया।प्रभात फेरी के बाद चुर्क प्रांगण में अघोर ग्रंथ का पाठ एवं गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए विजयगढ़ राजा चंद्र विक्रम पद्म शरण शाह ने कहा कि परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम ने 21 सितंबर 1961 को हिंदू धर्म की राजधानी कही जाने वाली पवित्र तपोभूमि वाराणसी में सर्वेश्वरी समूह की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि संस्था गरीब, दुखी, रोगी, प्रताड़ित और उपेक्षित लोगों की सेवा के लिए समर्पित सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था के रूप में निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि सर्वेश्वरी समूह की ओर से समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, अन्न वितरण, कंबल वितरण समेत विभिन्न जनसेवा के कार्य किए जाते हैं। इन कार्यों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के साथ समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सदस्यों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह, आनंद सिंह, हर्षवर्धन सिंह, हृदय नारायण सिंह, अरुण सिंह, राकेश सिंह समेत समूह के पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!