
सोनभद्र।चुर्क नगर पंचायत के रामलीला मैदान में बुधवार की रात श्रीराम-सीता विवाह प्रसंग के दौरान सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल देखने को मिली। रामलीला कमेटी की ओर से एक गरीब कन्या का विवाह भारतीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। धार्मिक आयोजन के बीच हुए इस विवाह की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कमेटी की ओर से अब तक सीता विवाह के अवसर पर आठ गरीब कन्याओं का विवाह कराया जा चुका है।रामलीला में श्रीराम और माता सीता के प्रतीकात्मक स्वरूप में रामसेवक और आशा ने भूमिका निभाई।

मंच पर वरमाला की रस्म के साथ विवाह प्रसंग का मंचन किया गया। वहीं, वास्तविक जीवन में चुर्क निवासी रामसेवक और बुड़हर खुर्द निवासी आशा वैवाहिक बंधन में बंध गए। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ जरूरतमंद परिवार की मदद और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।विवाह समारोह में शामिल होने के लिए नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक से गाजे-बाजे के साथ बारात रामलीला मैदान पहुंची। इससे पहले चुर्क स्थित शिव मंदिर से बारात निकाली गई। दूल्हा वाहन पर सवार होकर विवाह स्थल तक पहुंचा, जबकि बराती बैंड-बाजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। रामलीला कमेटी की देखरेख में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे सहित बड़ी संख्या में रामलीला प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। विधायक समेत अन्य गणमान्य लोगों ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। विवाह संपन्न होने के बाद रामलीला कमेटी की ओर से बारातियों के लिए भोज की व्यवस्था की गई। साथ ही कन्या को उपहार स्वरूप आवश्यक सामान और नकद राशि भेंट की गई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दुल्हन की विदाई की गई तो उपस्थित लोगों के बीच खुशी का माहौल रहा।

इस पहल के माध्यम से रामलीला कमेटी ने यह संदेश दिया कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को समाजसेवा से जोड़कर जरूरतमंद परिवारों की मदद की जा सकती है। सीता विवाह के अवसर पर गरीब कन्याओं के विवाह की यह परंपरा चुर्क की रामलीला को सामाजिक संवेदना से भी जोड़ती है।कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के महामंत्री ओम प्रकाश यादव, देवेश मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के जेई ओम तिवारी, चुर्क मंडल उपाध्यक्ष धनंजय दुबे, डॉ. एचपी सिंह, चुर्क के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सरोज, नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव, संगीता सिंह, मीनू चौबे, मंडल महामंत्री जयराम वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र पांडेय, सभासद सूरज चंद्रवंशी, सभासद अंशु खत्री, गोपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




