
सोनभद्र।आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के लिए निर्धारित हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनपद में यह जांच प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एफएलसी हॉल में साफ-सफाई, रंगाई-पोताई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि जांच प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एफएलसी हॉल में स्वच्छता और सुव्यवस्थित वातावरण के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।जिला प्रशासन का जोर विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर है, जिससे ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सके।




