
सोनभद्र । नगरीय निकायों में जनसमस्याओं की सुनवाई और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को जिले के विभिन्न निकायों में जनसुनवाई समाधान दिवस ‘सम्भव’ का आयोजन किया गया। 12 अक्टूबर को आयोजित इस जनसुनवाई के दौरान जिले के नगरीय निकायों में कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें साफ-सफाई, पेयजल और मार्ग प्रकाश से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।नगर पालिका परिषद सोनभद्र में अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित हुई। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार को नगरीय निकायों में सम्भव दिवस का आयोजन कर आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समयबद्ध समाधान करने की व्यवस्था की गई है।प्राप्त विवरण के अनुसार, नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 3 शिकायतें दर्ज की गईं। नगर पंचायत घोरावल में 1, चुर्क घुर्मा में 2, चोपन में कोई शिकायत नहीं, ओबरा में चार, रेनुकूट में 2, पिपरी में दो, दुद्धी में 2, डाला बाजार में 1 और अनपरा में 2 शिकायतें प्राप्त हुईं। इस प्रकार जिले के सभी नगरीय निकायों में कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं।जनसुनवाई के दौरान लोगों ने नगर की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता और मार्ग प्रकाश सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। इन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही समस्याओं के समाधान में तत्परता बरतने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। जनशिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राहत मिल सके।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के सदस्य मनोज चौबे और अनवर अली के साथ नगर पालिका के अवर अभियंता राजकुमार तथा कृष्ण मोहन प्रजापति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




