यूपीसोनभद्र

काशी के आचार्यों की गंगा आरती से गूंजा न्यू कॉलोनी, भक्तिमय हुआ माहौल

शिव तांडव, दुर्गा नंदिनी और गंगा आरती के श्लोकों ने मोहा मन, माता रानी के जयकारों से गूंजा परिसर

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र । जय मां अंबे महोत्सव समिति न्यू कॉलोनी की ओर से मंगलवार को आयोजित विशेष गंगा आरती में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। काशी से पधारे आचार्यों ने पारंपरिक विधि-विधान से गंगा आरती कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आरती में शामिल होने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। करीब एक घंटे तक चले इस धार्मिक आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान काशी से आए आचार्यों ने शिव तांडव, दुर्गा नंदिनी और गंगा आरती के श्लोकों के साथ आरती संपन्न कराई। मंत्रोच्चार और धार्मिक धुनों के बीच आरती की शुरुआत होते ही वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

आचार्यों ने पारंपरिक शैली में आरती की विभिन्न मुद्राओं और विधियों का प्रदर्शन किया। दीपों की जगमगाती लौ, धूप-अगरबत्ती की सुगंध और श्लोकों के सामूहिक उच्चारण ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी।

आरती के दौरान श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शामिल रहे। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, भक्तों का उत्साह भी बढ़ता गया। आरती की मनोहारी छटा ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर माता रानी के जयकारों और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा और भगवान शिव का जयघोष कर सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष शिवम केसरी, कोषाध्यक्ष अजय पटेल, संयोजक अजीत पटेल, राजेश गुप्ता, संदीप पांडेय, राजेश सिंह, विकास, अरविंद दुबे सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!