यूपीसोनभद्र

करंट से बचाव को बिजली के खंभों पर चढ़ा सुरक्षा कवच

दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास विशेष निगरानी, आयोजकों को सुरक्षित वायरिंग के निर्देश

सोनभद्र । दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बिजली विभाग ने विद्युत सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं। पूजा पंडालों के आसपास बिजली के खंभों पर प्लास्टिक कवर लगाए जा रहे हैं, वहीं लटकते तारों को दुरुस्त कराने का काम भी किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य पूजा के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देशन और अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता के मार्गदर्शन में उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह की टीम अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार के साथ नगर के विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर रही है। अवर अभियंता ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज में चंडी होटल से स्वर्ण जयंती चौक तथा धर्मशाला चौक से पन्नूगंज मार्ग समेत अन्य प्रमुख रास्तों पर बिजली के खंभों को सुरक्षित किया जा रहा है।

पंडालों के आसपास खंभों पर ऊंचाई तक प्लास्टिक कवर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों के संपर्क में आने से करंट लगने का खतरा कम हो सके।विभाग ने सभी दुर्गा पूजा समितियों से नियमानुसार अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने की अपील की है। आवेदन करने वाले आयोजकों को तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि कनेक्शन नहीं लेने वाली समितियों को नोटिस देकर विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

सजावट में लगे लोगों को कटे-फटे झालर, क्षतिग्रस्त तार और ढीली वायरिंग का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई है। पूजा समितियों को कुशल इलेक्ट्रीशियन से वायरिंग कराने, बिजली के तारों और ट्रांसफार्मर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा पंडाल में अग्निशामक यंत्र या सूखी रेत की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने पर भी जोर दिया गया है।विभाग ने चेतावनी दी है कि विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी से दुर्घटना होने पर आयोजकों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!