सामाजिक न्याय और भागीदारी की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन
24 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम डीएम के माध्यम से सौंपा ज्ञापन, आरक्षण और बैकलॉग पद भरने की उठी मांग
सोनभद्र। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के आह्वान पर गुरुवार को जिला मुख्यालय पर संपूर्ण भागीदारी आंदोलन के तहत 24 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। आंदोलन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों के लिए सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग उठाई।ज्ञापन में कहा गया कि आरक्षण सामाजिक एवं शैक्षणिक वंचना तथा अपर्याप्त प्रतिनिधित्व को दूर करने का संवैधानिक माध्यम है। इसलिए आरक्षण व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही विभिन्न विभागों में लंबित बैकलॉग पदों को शीघ्र भरा जाए।आंदोलनकारियों ने महिला आरक्षण को 50 प्रतिशत करने, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं को आरक्षण के भीतर अलग कोटा देने तथा स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। इसके साथ ही लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा और विधान परिषद में ओबीसी को उचित प्रतिनिधित्व देने तथा जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम रखने की मांग रखी गई।ज्ञापन में उच्च न्यायपालिका में एससी, एसटी और ओबीसी का प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा न्यायिक नियुक्तियों के लिए उच्च न्यायिक आयोग गठित करने की मांग भी शामिल रही। सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण, एससी-एसटी-ओबीसी के बैकलॉग पद तत्काल भरने, सरकारी ठेकों एवं खरीद में आरक्षण तथा निजी क्षेत्र में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई गई। मंडल आयोग की सिफारिशों को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग भी की गई।सफाईकर्मियों से जुड़ी मांगों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्ति, सीवर व सेप्टिक टैंक की सफाई में मानव प्रवेश पूरी तरह रोकने तथा सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग शामिल रही।इसके अलावा छात्रावासों के निर्माण, छात्रवृत्ति की समुचित व्यवस्था, मीडिया संस्थानों में वंचित वर्गों की भागीदारी तथा एससी-एसटी एक्ट के मामलों में पीड़ितों को मिलने वाली सहायता बढ़ाने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।इस मौके पर भीम आर्मी के जिला संयोजक संदीप कुमार, जिला प्रभारी एडवोकेट रविशंकर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल राव, विधानसभा अध्यक्ष विनोद कुमार, अमरेश, कमलेश, संतोष, दिनेश मास्टर, सोनू निगम, अरुण कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




