
सोनभद्र । घोरावल के शिवद्वार में सोमवार की शाम शिवशक्ति लोक संगीत रंगमंच के तत्वावधान में 45वें शिवशक्ति लोक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। वर्षों से चली आ रही इस सांस्कृतिक परंपरा में लोकगीत, संगीत और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। शाम से शुरू हुआ कार्यक्रम अगले दिन देर सुबह तक चलता रहा। महोत्सव में लोक संस्कृति की विविध रंगत देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान लोकगीत गायन एवं वादन के साथ करमा, कोलदहकी और नटुआ जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं को मंच पर जीवंत कर दिया। विशेष रूप से विलुप्त होती लोक विधाओं की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।

महोत्सव के अंतर्गत तीन सम्मान समारोह भी आयोजित किए गए। भोजपुरी कवि सम्राट मुंशी मंगल लाल चिर स्मृति सम्मान से सोहन लाल मौर्य को सम्मानित किया गया। सिद्ध संत पंडित शीतला प्रसाद शुक्ल चिर स्मृति सम्मान रामलाल को प्रदान किया गया। वहीं साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव ‘पुष्कर’ को पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 वर्ष की सेवा तथा साहित्य सेवा के पांच दशक पूरे करने के उपलक्ष्य में पत्रकारिता के भीष्म पितामह बाबू विष्णु राव पराणकर सम्मान से अलंकृत किया गया।

तीनों सम्मानित विभूतियों को अंगवस्त्रम, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष पंडित रामनिवास शुक्ल, मुख्य अतिथि संजय यादव, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य नीरज कुमार श्रीवास्तव तथा डॉ. लोकपति पटेल मौजूद रहे। आयोजक अध्यक्ष मुन्नर यादव एवं डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव ‘पुष्कर’ ने अतिथियों को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।पूरी रात चले इस सांस्कृतिक आयोजन में अवनीश यादव, राजू यादव, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, कमलेश पाल, दीनानाथ, गीता रानी, राजकुमारी, संतोष, राजेंद्र पटेल, कमलेश विश्वकर्मा, हीरापति यादव, सोहन लाल मौर्य, लल्लू भारतीय, विनोद चौरसिया, दीनानाथ यादव, बालेश्वर यादव, श्यामदेव संदल और दयाराम प्रजापति सहित अनेक कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का संचालन शेषधर पाल ने किया। अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष मुन्नर यादव ने अतिथियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।




