यूपीसोनभद्र

नौ सूत्रीय मांगों को लेकर किसान यूनियन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

खाद की पर्याप्त उपलब्धता, फसल नुकसान का मुआवजा और विंध्य एक्सप्रेस-वे में अधिग्रहित भूमि का उचित मूल्य देने की उठाई मांग

सोनभद्र। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और नौ सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) अम्बावता गुट के पदाधिकारियों ने मंगलवार को प्रदेश उपाध्यक्ष संत श्यामसुंदर दास के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के प्रदेश, मंडल, जिला, तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने तथा पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों पर हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और उर्वरक की उपलब्धता से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि रबी फसलों की बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ऐसे में सरकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े और समय से बुवाई हो सके।किसान यूनियन ने विंध्य एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही किसानों की जमीन का मुद्दा भी उठाया। पदाधिकारियों ने कहा कि एक्सप्रेस-वे निर्माण में भूमि अधिग्रहण के कारण कई किसान भूमिहीन होने की स्थिति में पहुंच सकते हैं। ऐसे में किसानों की जमीन का उचित मूल्यांकन कर सर्किल रेट के आधार पर न्यायसंगत मुआवजा दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमिअधिग्रहण में किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर किसान एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने पर भी संगठन ने नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि गरीब, मजदूर और जरूरतमंद मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि लखनऊ के तेलियाबाग स्थित गार्डन में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें सोनभद्र समेत विभिन्न क्षेत्रों के किसान ट्रेन से शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने के लिए रवाना होंगे।इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष संत श्यामसुंदर दास, प्रदेश प्रभारी पूर्वांचल जोखन सिंह, प्रयागराज पासवान, जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, मंडल अध्यक्ष मिर्जापुर छोटेलाल पटेल, युवा मंडल अध्यक्ष वाराणसी सूरज सिंह, जिला प्रभारी दशरथ मौर्य, जिला प्रवक्ता विश्वामित्र, तहसील अध्यक्ष दुद्धी रामदयाल, युवा जिलाध्यक्ष रमाशंकर, वीरू पासवान, राजकुमारी, सरस्वती, पुष्पा, पूजा, सुनीता, रीता, नासिर, महावीर और श्याम नारायण सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!