
सोनभद्र । जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए पुलिस ने कवायद तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में सीसी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जनपद में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की गई। एएसपी ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

ऋषभ रुणवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी जरूरी है।बैठक में दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता एवं राहत कार्य सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह, यातायात प्रभारी नरेंद्र सिंह, आरआई मो. नदीम, सीसी टीम प्रभारी एवं उपनिरीक्षक एमटी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




