
रॉबर्ट्सगंज , सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित आंगन का उत्सव एवं आंगन मिलन कार्यक्रम के क्रम में रविवार को रॉबर्ट्सगंज नगर के शिवाजी मिनी स्टेडियम में हेल्दी रेसिपी कार्यक्रम आयोजित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषक तत्वों से भरपूर विभिन्न व्यंजन तैयार कर उनके बनाने की विधि और पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह रहीं।

इस दौरान महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रमिला त्रिपाठी, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य वंदना मौर्य व प्रिया सोनकर, जिला कार्यालय मंत्री बलराम सोनी तथा नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 18 की सभासद नेहा सोनी मौजूद रहीं।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा, प्रोटीन, विटामिन और सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर विभिन्न व्यंजन तैयार किए। अतिथियों ने व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ उनकी पौष्टिकता और उपयोगिता की जानकारी ली। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित भोजन तैयार करने और दैनिक आहार में आवश्यक पोषक तत्व शामिल करने के तरीके भी बताए गए।मुख्य अतिथि पुष्पा सिंह ने कहा कि मां और बच्चे का बेहतर स्वास्थ्य स्वस्थ परिवार की आधारशिला है। गर्भावस्था से ही महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव और मोहल्ले स्तर पर परिवारों तक पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।प्रमिला त्रिपाठी और प्रिया सोनकर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से भी स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के भोजन में प्रोटीन, विटामिन तथा अन्य जरूरी पोषक तत्वों को शामिल करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और परिवारों को संतुलित आहार, पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के प्रति जागरूक करना रहा। महिलाओं को बच्चों के लिए पौष्टिक एवं विविधतापूर्ण आहार उपलब्ध कराने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान बाल विकास के लिए प्रारंभिक देखभाल एवं शिक्षा, स्वस्थ जीवनशैली और बेहतर पोषण व्यवहार अपनाने की जानकारी भी दी गई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने समुदाय की सहभागिता से पोषण का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन का उत्सव एवं आंगन मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत 25 सितंबर को गोदभराई, 26 सितंबर को अन्नप्राशन और 27 सितंबर को हेल्दी रेसिपी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में रविवार को हेल्दी रेसिपी कार्यक्रम संपन्न हुआ।इस मौके पर शकुंतला सिंह, वृंदा वर्मा, ज्ञानवती समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।




