
रॉबर्ट्सगंज , सोनभद्र। नगरपालिका राबर्ट्सगंज के वार्ड नंबर-5 में महुड़ी खुर्द-पिथा-सहीजन संपर्क मार्ग की जर्जर और कीचड़युक्त हालत से नाराज स्थानीय लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के नेता विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में जूते-चप्पल लेकर सड़क की बदहाली के खिलाफ आवाज उठाई और जल्द सड़क निर्माण की मांग की।प्रदर्शन के दौरान विवेक सिंह पटेल ने कहा कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी दिक्कत होती है।उन्होंने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्या पर संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। नगर पालिका अथवा विधायक निधि से सड़क का निर्माण और आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और सड़क की समस्या का समाधान होने तक स्थानीय लोगों की आवाज उठाई जाती रहेगी।स्थानीय महिला उर्मिला देवी ने कहा कि सड़क पर गड्ढों और कीचड़ के कारण आने-जाने में काफी परेशानी होती है। बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है, जबकि महिलाओं और बुजुर्गों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण की मांग की।प्रदर्शन में शामिल लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर अब वे अपनी मांग को लेकर लगातार आवाज उठाएंगे। कुछ लोगों ने नारे लगाते हुए कहा कि “रोड नहीं तो वोट नहीं”।प्रदर्शन में सीबू, रवि, संगीता, गुड़िया, संतोष देवी, फूल कुमारी, फूल देवी, विमला देवी, चिंता, रीना देवी, राजेंद्र, पप्पू पासवान, मीरा देवी, कल्पना, दुर्गावती देवी, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




