ईवीएम-वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा का डीएम ने लिया जायजा
सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से लेकर अग्निशमन उपकरणों तक की जांच, अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को ईवीएम-वीवीपैट गोदाम का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों की बारीकी से पड़ताल की गई।जिलाधिकारी ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों, रिकॉर्डिंग सिस्टम, बैकअप तथा अग्निशमन उपकरणों की स्थिति देखी। सीसीटीवी बैकअप की जांच के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि अनिल प्रधान के अनुरोध पर 14 सितंबर 2026 की रिकॉर्डिंग का बैकअप देखा गया, जो सही पाया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गोदाम परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा से संबंधित सभी इंतजाम भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल के अनुरूप होने चाहिए।उन्होंने सीसीटीवी व्यवस्था, बैकअप और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच कराने के साथ किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जरूप सिंह पटेल, सीओ चकबंदी, लोक निर्माण विभाग एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



