Uncategorized

गोद भराई में गूंजा स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु का संदेश

जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, संतुलित पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया।रॉबर्ट्सगंज नगर के शिवाजी मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पुष्पा सिंह मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर स्वस्थ प्रसव और जच्चा-बच्चा के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर गोद भराई कार्यक्रम कराया गया। विभाग की ओर से तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा बहुओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं के सम्मान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।कार्यक्रम में पोषाहार से तैयार व्यंजनों और उनमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी दी जाएगी। बच्चों को कॉमिक बुक, पौष्टिक फल, मिठाई और अतिरिक्त पोषाहार सामग्री वितरित की जाएगी। इसके साथ ही हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।इस दौरान सीडीपीओ अनुराग त्रिपाठी, प्रमिला तिवारी, नेहा सोनी, शकुंतला सिंह, ज्ञानवती, बिन्दा वर्मा, राजश्री सोनी समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!