यूपीसोनभद्र

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा, 35 लीटर कच्ची शराब बरामद

बीजपुर क्षेत्र में 500 किलो लहन नष्ट, दो भट्टियां ध्वस्त; दो मुकदमे दर्ज

सोनभद्र। अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत सोमवार को बीजपुर क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की गई। जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र एवं उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर प्रभार के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में कच्ची शराब बनाने के ठिकानों का भंडाफोड़ किया गया।आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 दुद्धी रविनंदन के नेतृत्व में आबकारी स्टाफ और स्थानीय थाना बीजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नेमना, डोढहर, बीजपुर स्वीपर बस्ती तथा एनटीपीसी गेट के पीछे स्थित संदिग्ध घरों, झुग्गी-झोपड़ियों और अन्य स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 35 लीटर कच्ची शराब और 500 किलोग्राम लहन बरामद किया।टीम ने मौके पर संचालित दो अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त करते हुए बरामद लहन को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान आबकारी टीम ने क्षेत्र में रोड चेकिंग भी की और चखना की दुकानों पर भी जांच-पड़ताल करते हुए आवश्यक कार्रवाई की।

इसके साथ ही ग्रामीणों को अवैध शराब और नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!