यूपीसोनभद्र

त्योहारों में डीजे की मनमानी पर रहेगी नजर, संचालकों को दिए नियमों के पालन के निर्देश

निर्धारित ध्वनि व समय सीमा में ही होगा संचालन, भड़काऊ गीतों पर भी रहेगी रोक

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा ने थाना रॉबर्ट्सगंज में डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर ने डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा का पूरी तरह पालन किया जाए।

किसी भी स्थिति में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण न किया जाए।उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। डीजे पर भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा विवादित गीत एवं सामग्री का प्रसारण न किया जाए। साथ ही डीजे संचालन के कारण यातायात व्यवस्था और आमजन की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए।क्षेत्राधिकारी ने संचालकों को शासन-प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा त्योहारों के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।बैठक में प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहित थाना रॉबर्ट्सगंज के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!