Uncategorized

एसपी अभिषेक वर्मा का विंढमगंज थाना पर औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर नाराजगी—थाना स्थानांतरण की जरूरत पर दिया जोर

उपेंद्र तिवारी महुली/दुद्धी/सोनभद्र

विंढमगंज (सोनभद्र)।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अभिषेक वर्मा ने विंढमगंज थाना का औचक निरीक्षण कर थाना व्यवस्था एवं क्षेत्रीय समस्याओं का गहन समीक्षा किया। अचानक पहुंचे एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर की भौतिक स्थिति का निरीक्षण किया और सीमित जगह देखकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वर्तमान भवन में वाहन पार्किंग, आवागमन तथा दैनिक पुलिस कार्यों के संचालन में स्पष्ट रूप से दिक्कतें आती हैं। ऐसे में थाना को किसी उपयुक्त और विस्तृत स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की आवश्यकता है, जिससे पुलिस कर्मियों और आम जनता दोनों को सुविधाजनक माहौल मिल सके।

निरीक्षण के दौरान एसपी वर्मा ने थाना में मौजूद सभी रजिस्टर, अभिलेख, केस डायरी, मालखाना और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख पूरी तरह से अद्यतन व सुव्यवस्थित रखे जाएं, ताकि किसी भी जांच, शिकायत या कानूनी कार्यवाही में समय की बर्बादी न हो। उन्होंने मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, तत्परता और बेहतर व्यवहार अपनाने की भी सलाह दी।

थाना निरीक्षण के बाद एसपी ने विंढमगंज बाजार क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात की स्थिति एवं स्थानीय समस्याओं का भी जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों, वाहन चालकों और क्षेत्रवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बाजार भ्रमण के दौरान उन्होंने पुलिस को सतर्कता बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों ने एसपी के इस औचक निरीक्षण का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पुलिस व्यवस्था में सुधार की उम्मीद बढ़ी है। विंढमगंज थाना क्षेत्र वर्षों से सीमित संसाधनों के साथ काम कर रहा है, ऐसे में थाना भवन के स्थानांतरण और सुविधाओं के विस्तार का प्रस्ताव बेहद आवश्यक है।

निरीक्षण पूरा करने के बाद एसपी अभिषेक वर्मा मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!