यूपीसोनभद्र

डाइट मैदान में 6 नवंबर तक चलेगा मेला, डीएम चर्चित गौड़ और सीडीओ जागृति अवस्थी ने किया उद्घाटन

40 स्टॉलों के साथ सोन अर्थ दीपावली सरस मेले का शुभारंभ, महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बाजार

सोनभद्र। जनपद में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित सोन अर्थ दीपावली सरस मेला-2026 का बुधवार को डाइट मैदान, उरमौरा, राबर्ट्सगंज में भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। मेले में कुल 40 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के उत्पादों और स्थानीय सामग्रियों की बिक्री की जा रही है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ ही उनकी बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलते हैं और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ती हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला मिशन प्रबंधन इकाई (एनआरएलएम), सोनभद्र द्वारा आयोजित यह मेला 4 से 6 नवंबर 2026 तक चलेगा। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और महिलाओं की आजीविका को मजबूत बनाना है। इस दौरान सोन अर्थ ब्रांड का शुभारंभ भी किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

इस अवसर पर डीसी मनरेगा रविन्द्र सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे डाइट मैदान में आयोजित सरस मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी करें और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में सहभागी बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!