यूपीसोनभद्र

सोनभद्र में हेरोइन तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा, बाराबंकी से आरोपी गिरफ्तार

1.204 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में था वांछित, पुलिस जांच में आर्थिक मदद और आपूर्ति में सहयोग की भूमिका उजागर

सोनभद्र ।हेरोइन तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनभद्र पुलिस ने बाराबंकी से मोहम्मद वकील को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना चोपन में दर्ज हेरोइन तस्करी के मुकदमे में वांछित था। विवेचना के दौरान तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और मादक पदार्थों की आपूर्ति में सहयोग करने में उसकी कथित भूमिका सामने आई है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोपन और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टाक तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को थाना चोपन पुलिस और एसओजी टीम ने वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर दो लग्जरी वाहनों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई थी। मामले में थाना चोपन पर मुकदमा संख्या 0319/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई थी।विस्तृत विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि तस्करी का नेटवर्क लखनऊ और बाराबंकी समेत अन्य स्थानों से थोक मात्रा में हेरोइन लाकर सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर बिक्री कराता था। जांच में बाराबंकी निवासी मोहम्मद वकील का नाम सामने आया।पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर को दोपहर 2:10 बजे बाराबंकी जिले के थाना जैदपुर क्षेत्र स्थित ग्राम टिकरा मुर्तजा से मोहम्मद वकील (36) पुत्र मोहम्मद शकील को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध सोनभद्र के चोपन थाने में हेरोइन तस्करी, लखनऊ पूर्वी के थाना चिल्हट में एनडीपीएस एक्ट तथा बाराबंकी के जैदपुर थाने में जुआ अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सरोज और हेड कांस्टेबल राजेश यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!