
सोनभद्र । राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के कोन अंतर्गत खुटियादामर, जवाजोत, बागेसोती एवं कचनरवा में रविवार, 1 नवंबर को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं अपना दल (एस) विधि मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक कुमार चौबे के सौजन्य से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके साथ ही आवश्यक डायग्नोस्टिक जांच कर जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं वितरित की गईं। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई। सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं साईनाथ हॉस्पिटल वाराणसी के चिकित्सकीय सहयोग से डॉ. आरके पटेल ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार की सुविधाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर आयोजक अभिषेक कुमार चौबे ने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की आधारशिला है। ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी है। आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति बेहतर इलाज से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाजसेवा और जनकल्याण के ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर के सफल आयोजन पर आयोजक मंडल ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया।इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश बीयार, जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल, कार्यवाहक प्रदेश सचिव युवा मंच आलोक पांडेय, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव एवं प्रवीण त्रिपाठी, जिला महासचिव सुरेंद्र सिंह राजपूत, जिला सचिव पुष्पराज सिंह पटेल, जिला मीडिया सचिव इंजीनियर नीरज सिंह पटेल, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, ओमप्रकाश पटेल, युवा मंच जिलाध्यक्ष अंशु तिवारी, सहकारिता मंच जिलाध्यक्ष अखिलेश पटेल, निलेश सिंह, शैलेश सिंह, विधानसभा अध्यक्ष राबर्ट्सगंज राकेश पटेल, रामकृष्ण नारायण गुप्ता, सुनेश पासवान, शिवानंद शर्मा, उदित रवानी, रंजू देवी, पूनम देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





